भोपाल, 01 मार्च।
मध्य प्रदेश पुलिस ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में बीते पांच दिनों के दौरान अवैध पशु परिवहन और गौवंश तस्करी के खिलाफ व्यापक अभियान चलाकर 241 गौवंश एवं अन्य पशुओं को मुक्त कराया है। इस कार्रवाई में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। साथ ही अवैध परिवहन में इस्तेमाल किए गए 1 डीसीएम, 1 कंटेनर, 7 पिकअप वाहन और 1 अशोक लीलैंड वाहन को जब्त किया गया है।
पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार श्योपुर जिले के बरगवां थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 41 भैंस बरामद कीं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 21 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पशुओं का पता लगाया गया। मामले की जांच जारी है।
पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र में अवैध पशु परिवहन की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर 7 तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 105 पशु मुक्त कराए। इस दौरान 1 डीसीएम और 3 पिकअप वाहन जब्त किए गए। जब्त सामग्री की अनुमानित कीमत लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच की जा रही है।
खरगोन जिले के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 8 गौवंश को मुक्त कराया और 2 पिकअप वाहन जब्त किए। सतना जिले के चित्रकूट थाना क्षेत्र में विशेष चेकिंग के दौरान एक कंटेनर और 1 पिकअप वाहन से 71 भैंस और पड़वा मुक्त कराए गए। मौके से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता और अवैध परिवहन से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
सिवनी जिले के धूमा थाना क्षेत्र में पुलिस ने मुखबिर सूचना पर कार्रवाई करते हुए 7 गौवंश मुक्त कराए और 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर 1 पिकअप वाहन जब्त किया। वहीं बुरहानपुर जिले के गणपति नाका थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान अवैध परिवहन में संलिप्त वाहन को पकड़कर 9 गौवंश को मुक्त कराया गया तथा अशोक लीलैंड कंपनी का वाहन जब्त किया गया।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा अवैध पशु परिवहन और तस्करी के विरुद्ध लगातार निगरानी रखी जा रही है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत नजदीकी थाने में दें।



