शिमला, 07 मार्च 2026।
शिमला के ननखड़ी क्षेत्र में 16 वर्षीय छात्रा पर चाकू से हमले का मामला सामने आया है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटना के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।
पुलिस के अनुसार छात्रा ने ननखड़ी थाना में शिकायत दर्ज कराई है। छात्रा ने बताया कि 6 मार्च को दोपहर करीब एक बजे वह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खुनी के पास निट्टू मोड़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान दो अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट करने के बाद चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में छात्रा के बाएं हाथ में चोट लग गई।
घटना के बाद छात्रा ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 126(2), 115(2) और 3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि हमलावरों का जल्द पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।



