यमुनानगर, 09 मार्च।
यमुनानगर में एक किसान पर रास्ते में घात लगाकर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गांव बागवाली के पास चार कारों में आए हमलावरों ने गंडासी से वार कर किसान को घायल कर दिया। घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर कई आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव बागवाली निवासी राकेश ने पुलिस को शिकायत दी कि वह खेती का कार्य करता है और पूजा करने के बाद अपने पितरों के स्थान की ओर जा रहा था। इसी दौरान गांव के बाहर जठलाना की ओर से चार सफेद रंग की गाड़ियां रुकीं और गाड़ी में सवार लोगों ने उसकी पहचान कर उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि गाड़ी से उतरे एक व्यक्ति ने लोहे की गंडासी से राकेश की गर्दन की ओर वार किया, लेकिन राकेश ने बचाव करते हुए अपना हाथ आगे किया जिससे वार उसकी बांह पर लगा और वह घायल हो गया। इस दौरान अन्य गाड़ियों में मौजूद लोगों ने उसे घेरने का प्रयास किया और जान से मारने की धमकी दी।
राकेश ने बताया कि हमले के बाद उसने शोर मचाया, जिस पर उसके परिजन मौके पर पहुंचे। हमलावर कारों में बैठकर फरार हो गए। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। राकेश ने आरोप लगाया कि यह हमला बिना किसी उकसावे के जानलेवा था।
थाना जठलाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर नावेद, जुनैद, सकील और अब्दुल खान के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।


