रामगढ़, 09 मार्च।
झारखंड के मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही रामगढ़ पुलिस की गाड़ी को ठोकर मारने वाला ड्राइवर पूरी तरह से नशे में धूत था। पुलिस जांच में उसके शरीर में अल्कोहल की मात्रा 466 एमजी/लीटर पाई गई।
रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी संपूर्ण गोसाई बोकारो जिले के कसमार का रहने वाला है। वह अपने ससुराल गया हुआ था और चट्टी बाजार के गोसाई टोला में अपने साले के साथ जमकर शराब पी। इसके बाद उसने बोलेरो गाड़ी लेकर रांची की तरफ निकलने का फैसला किया।
कोठार के पास संपूर्ण गोसाई ने मंत्री योगेंद्र प्रसाद को स्कॉर्ट कर रही रामगढ़ पुलिस की गाड़ी को आमने-सामने टक्कर मार दी। इतना नशे में था कि उसे खुद ही होश नहीं था और गाड़ी को अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। उसने जानबूझकर पुलिस की गश्ती वाहन को ठोका।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि पुलिस कर्मियों की जान भी जा सकती थी, लेकिन गाड़ी चला रहे ड्राइवर की सूझबूझ और पुलिस कर्मियों की सतर्कता से किसी का नुकसान नहीं हुआ। रामगढ़ पुलिस ने संपूर्ण गोसाई को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।



