देहरादून/रायवाला, 09 मार्च 2026।
देहरादून जनपद के रायवाला क्षेत्र में स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हुआ। इस दुर्घटना में एक बस समेत कुल पांच वाहन आपस में टकरा गए और टक्कर के तुरंत बाद उनमें आग लग गई। इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, टक्कर के बाद एक वाहन में आग भड़की, जिसने तेजी से अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया। घटना के तुरंत बाद फ्लाईओवर पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और दोनों ओर लंबी वाहनों की कतारें लग गईं।
सूचना मिलने के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घायलों को एंबुलेंस से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना में 08 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। कुछ घायलों को बेहतर उपचार के लिए एम्स रेफर किया गया। प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच के आदेश दिए हैं और क्षेत्र में यातायात को वैकल्पिक मार्गों से संचालित किया जा रहा है।
राहत और बचाव कार्य पूर्ण होने के बाद ही हताहतों और नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।



