एडिनबर्ग, 09 मार्च।
स्कॉटलैंड के ग्लासगो शहर में रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक ऐतिहासिक इमारत में आग लगने के कारण ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है। आग बुझाने के प्रयास लगातार जारी हैं। 1851 में बनी चार मंजिला इस इमारत का कुछ हिस्सा ढह चुका है। आग की गंभीरता को देखते हुए ग्लासगो रेलवे स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है।
आग पर फिलहाल पूर्ण नियंत्रण नहीं पाया जा सका है। यह इमारत व्यावसायिक है और यूनियन स्ट्रीट पर स्थित है। इमारत में महंगे शोरूम हैं। दमकल विभाग के जवान सूचना मिलते ही रविवार शाम चार बजे आग बुझाने पहुंचे और मशीनरी के साथ प्रयास शुरू किया। आग मुख्यतः निचली मंजिल पर लगी है और प्रयास जारी हैं कि यह ऊपर तक न फैले। सारी रात क्रेन से पानी का छिड़काव किया गया, लेकिन आग पूरी तरह नहीं बुझ सकी।
नेशनल रेल ने बताया कि ग्लासगो स्टेशन फिलहाल बंद रहेगा। आग पर नियंत्रण पा लिया गया, तो स्टेशन आज देर रात तक खोल दिया जाएगा। यह स्टेशन स्कॉटलैंड के सबसे व्यस्त स्टेशनों में से एक है।
स्कॉटरेल ने अपनी सेवा में रुकावट स्वीकार की है। स्टेशन से गुजरने वाली ट्रेनों का ठहराव फिलहाल अर्गिल स्ट्रीट और एंडरसन में किया गया है। स्कॉटरेल के अधिकारी मार्क इल्डर्टन ने यात्रियों से असुविधा के लिए माफी मांगी है।



