बांदा, 05 मार्च।
ट्रेनों और प्लेटफार्मों पर अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जीआरपी बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश के बांदा जनपद में जीआरपी थाना बांदा की पुलिस ने एक शातिर गांजा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके पास से 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 90 हजार रुपये आंकी गई है।
थानाध्यक्ष शिवबाबू के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल मुनेश बाबू, कांस्टेबल प्रारूप कुमार, रोहित यादव, धर्मपाल, प्रवेंद्र कुमार तथा आरपीएफ पोस्ट बांदा के उपनिरीक्षक अतुल कुमार और कांस्टेबल तेज सिंह की संयुक्त टीम ने मालगोदाम के अतर्रा एंड की ओर रेलवे स्टेशन बांदा क्षेत्र में कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस ने अभियुक्त नितिन सोनी पुत्र स्वर्गीय महेंद्र सोनी को गिरफ्तार किया। उसका स्थायी पता राजेंद्र नगर उरई, जिला जालौन तथा वर्तमान पता अंबेडकर नगर की मूर्ति के पास खाड़ेपुर, नौबस्ता, जिला कानपुर नगर बताया गया है। तलाशी के दौरान उसके पास से तीन बैग बरामद हुए, जिनमें कुल 10 पैकेट गांजा रखा हुआ था।
पुलिस के अनुसार ट्रॉली बैग से 5 पैकेट जिनका कुल वजन 5 किलोग्राम था, दूसरे बैग से 3 पैकेट जिनका कुल वजन 2.800 किलोग्राम था तथा तीसरे पिट्ठू बैग से 2 पैकेट जिनका कुल वजन 2 किलोग्राम पाया गया। इस प्रकार कुल 9.800 किलोग्राम अवैध गांजा पुलिस ने जब्त किया।
अभियुक्त के विरुद्ध थाना जीआरपी बांदा में धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह को सौंपी गई है।
थाना अध्यक्ष जीआरपी शिव बाबू ने बताया कि अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि ट्रेनों और रेलवे स्टेशन परिसर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



