मुंबई, 09 मार्च 2026।
यश राज फिल्म्स ने अपनी बहुप्रतीक्षित एक्शन एंटरटेनर 'अल्फा' की थिएट्रिकल रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आलिया भट्ट अभिनीत यह फिल्म 10 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रिलीज डेट के साथ ही यश राज फिल्म्स ने आलिया भट्ट और शर्वरी के साथ सोशल मीडिया पर फिल्म का नया टीजर पोस्टर भी साझा किया। पोस्टर में आलिया भट्ट एक अलग और दमदार एक्शन अवतार में नजर आ रही हैं। उनके चेहरे और शरीर पर चोट और कट के निशान दिखाई दे रहे हैं, जो खतरनाक भिड़ंत के बाद की स्थिति को दर्शाते हैं। पोस्टर ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।
फिल्म 'अल्फा' में आलिया भट्ट के साथ शर्वरी भी अहम भूमिका निभा रही हैं। यह हाई-ऑक्टेन एक्शन थ्रिलर है, जिसमें अनिल कपूर और बॉबी देओल भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगे। कहानी में आलिया और शर्वरी का सामना बॉबी देओल से होगा, जहां दोनों अभिनेत्रियां तीव्र और क्रूर टकराव करती दिखेंगी।
फिल्म कई मायनों में खास मानी जा रही है। 'अल्फा' आलिया भट्ट की यश राज फिल्म्स के साथ पहली फिल्म है। इसे भारत की पहली महिला-प्रधान पूर्ण एक्शन फिल्मों में से एक बताया जा रहा है। फिल्म में आलिया और शर्वरी ऐसे एक्शन सीक्वेंस करती दिखेंगी, जैसा बड़े पर्दे पर पहले कम ही देखने को मिला है।
फिल्म का निर्देशन शिव रवैल ने किया है, जिन्होंने इससे पहले यश राज फिल्म्स की चर्चित वेब सीरीज 'द रेलवे मेन' का निर्देशन किया था। निर्माण आदित्य चोपड़ा ने किया है। एक्शन, स्टारकास्ट और बड़े बैनर के साथ 'अल्फा' को साल 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में से एक माना जा रहा है। दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।



