05 मार्च।
कार्तिक आर्यन इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म 'नागजिला' को लेकर चर्चा में बने हुए हैं। इस फिल्म के माध्यम से साउथ इंडस्ट्री की अभिनेत्री प्रीति मुकुंदन बॉलीवुड में कदम रखने जा रही हैं। करण जौहर के धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बन रही इस फिल्म के जरिए प्रीति अपने हिंदी फिल्मी करियर की शुरुआत करेंगी।
रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म के निर्माता प्रीति के चयन से काफी संतुष्ट बताए जा रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वह इस भूमिका के लिए पूरी तरह उपयुक्त हैं। फिल्म में उनका किरदार मजेदार और कॉमेडी से भरपूर होगा, जो कहानी को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा। प्रीति भी अपने इस रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं और दर्शकों के सामने नया अंदाज पेश करने की तैयारी में हैं।
प्रीति मुकुंदन एक अभिनेत्री, मॉडल और डांसर के रूप में जानी जाती हैं और साउथ भारतीय सिनेमा में अपनी अलग पहचान बना चुकी हैं। उन्होंने अपने अभिनय करियर की शुरुआत वर्ष 2024 में तेलुगू हॉरर-कॉमेडी फिल्म ओम भीम बुश से की थी।
इसके बाद उन्होंने तमिल फिल्म स्टार में भी काम किया। वहीं मलयालम फिल्म मैंने प्यार किया भी उनके खाते में शामिल है। इसके अलावा प्रीति को विष्णु मांचू और अक्षय कुमार अभिनीत तेलुगू फिल्म कन्नप्पा में भी देखा जा चुका है। अब 'नागजिला' के जरिए उनका बॉलीवुड डेब्यू दर्शकों के लिए खास माना जा रहा है।



