लॉस एंजिल्स, 06 मार्च 2026।
भारतीय अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का गौरव बढ़ाने जा रही हैं। दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कार समारोह ऑस्कर पुरस्कार 2026 के लिए प्रेजेंटर्स की सूची जारी की गई है, जिसमें प्रियंका चोपड़ा का नाम भी शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस बार वह हॉलीवुड के चर्चित कलाकार रॉबर्ट डाउनी जूनियर और ऐनी हैथवे के साथ मंच साझा करती दिखाई देंगी।
अकादमी की ओर से जारी सूची के अनुसार प्रियंका चोपड़ा इस वर्ष ऑस्कर समारोह में प्रेजेंटर के रूप में विजेताओं को पुरस्कार प्रदान करेंगी। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बना चुकी प्रियंका की इस उपलब्धि से भारतीय प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
10 साल बाद ऑस्कर मंच पर वापसी
बताया जा रहा है कि प्रेजेंटर के रूप में यह प्रियंका की ऑस्कर मंच पर वापसी है। इससे पहले वर्ष 2016 में आयोजित अकादमी पुरस्कार समारोह में भी उन्होंने एक अवॉर्ड प्रस्तुत किया था। उस समय भी उनकी मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारतीय कलाकारों की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई थी। हाल ही में वह गोल्डन ग्लोब अवॉर्ड्स 2026 में भी प्रेजेंटर की भूमिका निभाती नजर आई थीं।
भारत में कब और कहां देखें समारोह
दुनिया के 98वें अकादमी पुरस्कार समारोह का आयोजन लॉस एंजिल्स के प्रसिद्ध डॉल्बी थिएटर में किया जाएगा। अमेरिका में यह समारोह 15 मार्च को आयोजित होगा, जबकि भारत में इसका सीधा प्रसारण 16 मार्च 2026 को सुबह 5:30 बजे से देखा जा सकेगा। भारतीय दर्शक इसे जियो हॉटस्टार और स्टार नेटवर्क के चैनलों पर लाइव देख सकेंगे। वहीं अमेरिका में इसका प्रसारण एबीसी और हुलू पर किया जाएगा।



