मुंबई, 05 मार्च।
अभिनेता विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना के शादी के भव्य रिसेप्शन में फिल्मी सितारों की बड़ी मौजूदगी देखने को मिली। इस खास समारोह में कई बड़े कलाकार पहुंचे, लेकिन सबसे ज्यादा ध्यान अभिनेता राम चरण की एंट्री ने खींचा। रिसेप्शन में उनका नंगे पैर पहुंचना सभी के लिए हैरानी का विषय बन गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
राम चरण अपनी पत्नी उपासना कोनिडेला के साथ समारोह में पहुंचे। इस दौरान अभिनेता पूरी तरह काले परिधान में दिखाई दिए, लेकिन खास बात यह रही कि उन्होंने जूते या चप्पल नहीं पहने थे। जहां अन्य सितारे महंगे डिजाइनर कपड़ों और जूतों में नजर आए, वहीं राम चरण का सादा और अलग अंदाज लोगों का ध्यान आकर्षित करता दिखा।
दरअसल, राम चरण का यह अंदाज किसी फैशन का हिस्सा नहीं बल्कि उनकी धार्मिक आस्था से जुड़ा हुआ है। अभिनेता इन दिनों भगवान अयप्पा की आराधना से संबंधित ‘अयप्पा दीक्षा’ का पालन कर रहे हैं। इस व्रत के दौरान भक्तों को कई कठोर नियमों का पालन करना पड़ता है, जिनमें जूते-चप्पल न पहनना, सादा जीवनशैली अपनाना और जमीन पर सोना जैसे नियम शामिल हैं।
यह दीक्षा केरल के प्रसिद्ध सबरीमाला मंदिर की तीर्थयात्रा से जुड़ी मानी जाती है। ऐसे में इस भव्य समारोह में भी राम चरण का नंगे पैर पहुंचना उनकी आस्था और अनुशासन को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर प्रशंसक अभिनेता की इस धार्मिक निष्ठा की जमकर सराहना कर रहे हैं।



