जोधपुर, 07 मार्च 2026।
सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने की चाह में युवक अब हथियारों का इस्तेमाल कर वीडियो बनाने लगे हैं। जोधपुर में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अवैध पिस्टल से हवाई फायर कर उसका वीडियो इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस सक्रिय हुई और आरोपित युवक को पकड़ लिया गया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक वीडियो सामने आया था, जिसमें एक युवक हवा में फायरिंग करता दिखाई दे रहा था। यह वीडियो कमला नेहरू नगर विस्तार क्षेत्र का बताया गया।
वीडियो की जानकारी मिलते ही पुलिस ने इंस्टाग्राम आईडी की जांच शुरू की और युवक की पहचान का पता लगाया। जांच के बाद चांदना भाखर ज्योति नगर गली नंबर 5 निवासी प्रदीप बेगड़ पुत्र रमेश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उसे हिरासत में ले लिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक ने हवाई फायरिंग के लिए अवैध पिस्टल का उपयोग किया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उस पिस्टल को भी बरामद कर लिया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपित से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि वह अवैध हथियार कहां से लाया था। बताया गया है कि उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज हो चुका है।



