मुंबई, 03 मार्च 2026।
चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल से रिहा होने के बाद अभिनेता राजपाल यादव एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में उन्होंने अपने कठिन समय में आर्थिक सहयोग देने वालों के प्रति आभार जताया। इसी दौरान सोनू सूद के ‘काम देने’ संबंधी बयान पर राजपाल की तीखी प्रतिक्रिया के बाद यह मुद्दा चर्चा में आ गया है।
मीडिया से बातचीत में सोनू सूद ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कभी यह नहीं कहा कि राजपाल यादव को काम की आवश्यकता है। उनका कहना था, “मैंने केवल इतना कहा था कि उन्हें साइन करें और एडवांस भुगतान दें, क्योंकि वह इसके योग्य हैं।” सोनू ने किसी भी प्रकार की गलतफहमी दूर करते हुए कहा कि उनका मकसद सिर्फ समर्थन व्यक्त करना था।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले सोनू सूद ने एक पोस्ट साझा कर राजपाल यादव के समर्थन में फिल्म इंडस्ट्री से उन्हें काम देने की अपील की थी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा था कि वह स्वयं अपनी फिल्म में उन्हें अवसर देंगे।
वहीं, राजपाल यादव ने इस बयान पर आपत्ति जताते हुए कहा कि यह धारणा गलत है कि उन्हें काम मांगना पड़ता है। उनके मुताबिक सिनेमा उनके लिए जुनून है और वह अपनी मेहनत के दम पर लगातार अवसर प्राप्त करते रहे हैं। अभिनेता की इस प्रतिक्रिया के बाद यह विषय फिल्म जगत में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।



