सिरसा, 03 मार्च 2026।
पुलिस ने दो लाख रुपये की साइबर ठगी के मामले में एक आरोपित को दिल्ली की तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपित की पहचान साहिदुल जफर के रूप में हुई है।
साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने मंगलवार को बताया कि सिरसा निवासी प्रमोद कुमार की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया था। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 4 सितंबर को उसके पास एक कॉल आई, जिसमें कॉल करने वाले ने टेलीग्राम ऐप से जुड़कर घर बैठे लाखों-करोड़ों रुपये कमाने का लालच दिया। उसे बताया गया कि कंपनी द्वारा दिए गए टास्क पूरे करने पर खाते में पैसे ट्रांसफर कर दिए जाएंगे। इसके बाद उसके मोबाइल पर टेलीग्राम का एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करने पर टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने के आकर्षक ऑफर दिखाई दिए।
पीड़ित ने झांसे में आकर पहले 2 हजार रुपये निवेश किए, जिसके बाद उसके खाते में रकम दोगुनी होने का संदेश आया। इससे उसका भरोसा बढ़ गया और उसने लालच में आकर 2 लाख 19 हजार रुपये का निवेश कर दिया। बाद में जब उसने रकम निकालने के लिए वेबसाइट पर दिए गए लिंक पर क्लिक किया तो टेलीग्राम एप बंद हो गया और वह ठगी का शिकार हो गया।
थाना प्रभारी ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस टीम ने अहम सुराग जुटाते हुए आरोपित साहिदुल जफर को तिहाड़ जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पूछताछ की। उल्लेखनीय है कि इस मामले में संलिप्त दो अन्य आरोपितों को साइबर थाना पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार मामले की जांच जारी है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


