कानपुर, 9 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बिधनू थाना क्षेत्र अंतर्गत देशी शराब ठेके के सेल्समैन की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस ने रविवार देर रात एक आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। आरोपित को पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सीएचसी ले जाया गया और प्राथमिक उपचार के बाद हैलट अस्पताल रेफर किया गया। फिलहाल उसका इलाज पुलिस अभिरक्षा में चल रहा है। उसके दो अन्य फरार साथियों की तलाश जारी है।
पुलिस उपायुक्त दक्षिण दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि बीती 25 फरवरी को भवानीपुर गांव के शराब ठेके पर सेल्समैन उदय सिंह की मारपीट के दौरान मौत हो गई थी। इस घटना के संबंध में थाना बिधनू में मुकदमा दर्ज किया गया और एसीपी घाटमपुर कृष्णकांत यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
रविवार को मुखबिर और सर्विलांस के माध्यम से सूचना मिली कि घटना में शामिल एक बदमाश सचेण्डी मार्ग की ओर जा रहा है। पुलिस ने चेकिंग लगाकर आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
डीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान फतेहपुर जिले के रहने वाले छोटू उर्फ चांद उर्फ निसार के रूप में हुई है। आरोपी पर पहले से लूट और चोरी के लगभग आधा दर्जन मामले दर्ज हैं। मारपीट की घटना में शामिल उसके दो अन्य साथियों की तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा।



