प्रयागराज, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के नैनी थाना क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने शनिवार को खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी किए गए जेवर और नकदी भी बरामद की है।
पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चन्द्र यादव ने बताया कि नैनी थाना क्षेत्र के पूरा फतेह मोहम्मद, अरैल निवासी गुलजार अहमद की पत्नी इरफाना बेगम ने 6 मार्च को चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर अलमारी में रखे सोने के हार, कान के झाले और कुछ नकदी पर हाथ साफ कर दिया था।
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम ने नए यमुना ब्रिज के अंडरपास के पास से दो संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में उनकी पहचान मेजा थाना क्षेत्र के कोटहा गांव निवासी जाहिद अहमद और कौशाम्बी जिले के बिदवा गांव निवासी अमरीश मिश्रा के रूप में हुई। दोनों फिलहाल नैनी के पूरा फतेह मोहम्मद इलाके में रह रहे थे।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से एक सोने का हार, एक जोड़ी कान का झुमका (पीली धातु) और चोरी के 1,800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने इरफाना बेगम के घर चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि वे चोरी का सामान बेचने के लिए शहर जाने की तैयारी में थे, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।



