देहरादून, 09 मार्च।
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के रायवाला थाना क्षेत्र में स्थित मोतीचूर फ्लाईओवर पर रविवार रात एक गंभीर सड़क दुर्घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। इस हादसे में रोडवेज बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, स्कॉर्पियो, ट्रक और एक अन्य वाहन आपस में टकरा गए। दुर्घटना के बाद लगी आग से बस और स्कॉर्पियो को काफी नुकसान पहुंचा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक देहरादून से हरिद्वार की ओर जा रही रोडवेज बस की फ्लाईओवर पर गॉडविन होटल के पास एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से टक्कर हो गई। इसी दौरान पीछे से आ रही स्कॉर्पियो भी बस से जा भिड़ी। इसके बाद स्कॉर्पियो के पीछे चल रहा एक लोडेड ट्रक और एक्सयूवी 3 एक्स 0 भी आपस में टकरा गए, जिससे दुर्घटना और भी गंभीर हो गई।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि स्कॉर्पियो में लगे सीएनजी सिलेंडर के फटने से आग लग गई, जिसने स्कॉर्पियो और रोडवेज बस को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना स्थल पर भारी पुलिस बल भी तैनात किया गया।
दुर्घटना में घायल लोगों को तुरंत उपचार के लिए जिला चिकित्सालय हरिद्वार भेजा गया। मौके पर चौकी इंचार्ज सप्तऋषि और एसपी सिटी हरिद्वार भी मौजूद रहे। हादसे के कारण हरिद्वार की ओर जाने वाले मार्ग पर भूपतवाला तक लंबा जाम लग गया था, जिसे बाद में पुलिस ने यातायात व्यवस्था सामान्य कर हटाया।
बताया गया है कि हादसे में शामिल कई लोग देहरादून में आयोजित झंडा मेले से वापस अपने घर बिजनौर लौट रहे थे। दुर्घटना में ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार कुसुम (30) पत्नी सचिन और सचिन (40) पुत्र नंदराम निवासी भोगपुर नजीबाबाद, जनपद बिजनौर (उत्तर प्रदेश) की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
इस दुर्घटना में घायल हुए लोगों में गुलशन (11), सुभाष (40), विक्की (28), आरव (6), लबी (19), नीतू (35), सोनिया (12), अंशिका (6) और दिव्यांशु (8) शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और वे बिजनौर जिले के विभिन्न गांवों के निवासी बताए जा रहे हैं।



