हरिद्वार, 17 फरवरी।
जनपद के रुड़की क्षेत्र में देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कांवड़ पटरी मार्ग पर एक अनियंत्रित ट्रैक्टर-ट्रॉली ने सामने से आ रही बोलेरो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिरान कलियर थाना क्षेत्र के मुकर्रबपुर निवासी 25 वर्षीय जुल्फिकार अपने दो साथियों के साथ बोलेरो से रुड़की की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन कोतवाली क्षेत्र में सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने वाहन को टक्कर मार दी।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को वाहन से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने गंभीर रूप से घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। बोलेरो में सवार अन्य दो युवकों को भी मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।



