इंफाल, 07 मार्च।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े पांच कैडरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर उनके नेटवर्क और गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने इंफाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एनआरएफएम के सक्रिय सदस्य निंगथौजम निंगथौंगम्बा मैतेई (27) उर्फ मंगांग को गिरफ्तार किया। वह चुराचांदपुर जिले के हिंगोल मारुप ज़ेनहांग लम्का क्षेत्र का निवासी बताया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में यूएनएलएफ (पी) के सक्रिय कैडर वाहेंगबाम प्रेमकुमार सिंह (37) उर्फ डेम्बा को पकड़ा गया। वह इंफाल ईस्ट जिले के खुरई सजोर लैरौ पुखरी मपाल इलाके का रहने वाला है और उस पर कई आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। इस मामले में उसके सहयोगी सेनजाम रोकेन सिंह (42) उर्फ रॉकेट को भी गिरफ्तार किया गया। वह खुरई चैथाबी लीराक माचिन क्षेत्र का निवासी है। तलाशी के दौरान उसके पास से 9 मिमी की पिस्तौल और एक मैगज़ीन बरामद की गई। इसके अलावा दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड भी जब्त किया गया है।
इसी क्रम में गुरुवार को सुरक्षा बलों ने बिष्णुपुर जिले के केइबुल लामजाओ थाना क्षेत्र के इथिंग खोला खेल मैदान के पास से दो अन्य कैडरों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान प्रीपाक संगठन के सदस्य ख्वाइराकपम बेदजीत सिंह उर्फ कप्पा (23) और पीएलए के सक्रिय कैडर शगोलसेम इबोचौबा सिंह उर्फ तोम्बा (22) के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद इथिंग खेल मैदान के पास स्थित तकमू झील से एक एचके-33 राइफल की मैगज़ीन, 38 जिंदा कारतूस, तीन पहचान पत्र, एक ऑलिव ग्रीन टी-शर्ट तथा कैमोफ्लाज पैंट और टी-शर्ट बरामद की गई।
सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को विभिन्न जिलों के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान और एरिया डोमिनेशन भी चलाया। इस दौरान पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में कुल 114 नाके और चेक पॉइंट लगाए गए। हालांकि इन स्थानों से किसी अन्य व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हुई।
इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक सामान लेकर जा रहे 102 वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की गई। संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है और वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए सुरक्षा काफिले तैनात किए गए हैं।



