इंफाल, 28 फरवरी 2026।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने उग्रवादी संगठन प्रीपाक (प्रो) के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार कैडरों को गिरफ्तार किया है। राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपियों से मोबाइल फोन और पहचान दस्तावेज बरामद हुए हैं और उनसे आगे की पूछताछ जारी है।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय की जानकारी के अनुसार सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट जिले के लामडेंग खुनौ क्षेत्र स्थित घर से प्रीपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर क्षेत्रीमयुम लाइबा मैतेई (42) को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और पहचान पत्र बरामद किया गया। पुलिस इस मामले में उसकी गतिविधियों की जांच कर रही है।
दूसरे अभियान में इंफाल वेस्ट जिले में स्थित घर से प्रीपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर खुराइजम रोजित कुमार सिंह (37) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया। सुरक्षा एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि वह संगठन की गतिविधियों में किस प्रकार शामिल था।
तीसरी कार्रवाई में थौबल जिला के उयाल माखा लेइकाई क्षेत्र से प्रीपाक (प्रो) के एक अन्य कैडर को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान थोकचोम रबीचंद्र सिंह (36) के रूप में हुई है। वह थौबल जिले के हीरोक पार्ट-2 बाजार लाइकोल लेइकाई का निवासी बताया गया है। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन जब्त किया गया।
चौथी कार्रवाई में इंफाल वेस्ट जिले के खुमान लम्पक क्षेत्र से ओइनम धनंजय सिंह (36) को गिरफ्तार किया गया। उसे लिवा रोड माईबाम लेइकाई स्थित स्थान से पकड़ा गया। उसके पास से दो सिम कार्ड और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।



