मुरैना, 09 मार्च।
मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरैना गांव में जमीनी विवाद को लेकर भाइयों के बीच हिंसक झगड़ा हुआ। इस झगड़े में दो भाई और पिता सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में से एक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे ग्वालियर रेफर किया गया है, जबकि अन्य दो का इलाज मुरैना जिला अस्पताल में जारी है।
जानकारी के अनुसार, स्वामी मोहल्ला निवासी प्रदीप शर्मा सोमवार सुबह अपने दोनों पुत्र वैभव और विनय के साथ खेत में सरसों काटने गए थे। इसी दौरान प्रदीप का विवाद उनके सगे भाई श्रीनिवास शर्मा से हो गया। मामूली बहस देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। झगड़े में श्रीनिवास शर्मा और उनके पक्ष के लोगों ने लाठी, डंडा, हंसिया, कुल्हाड़ी और अवैध हथियारों से हमला किया। इस हमले में प्रदीप के पुत्र पुरुषोत्तम शर्मा (45), विनय (24) और वैभव (21) गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को जिला अस्पताल ले आई। गंभीर रूप से घायल वैभव शर्मा को उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है। पुलिस मामले में विवेचना कर रही है।
पीड़ित पक्ष ने बताया कि उन्हें पहले से ही जान से मारने की धमकी मिल रही थी। वैभव शर्मा ने कहा कि उनके ताऊ और उनके पुत्र जमीन हड़पने के लिए आए दिन धमकियां देते रहते थे। इस घटना में गांव के कुछ दबंग लोग भी शामिल थे।
नगर पुलिस अधीक्षक दीपाली चंदौरिया ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच हुए इस झगड़े में तीन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।



