इंफाल, 25 फरवरी 2026
मणिपुर में सुरक्षा बलों द्वारा चलाए गए संयुक्त अभियान में उग्रवादी संगठनों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (मणिपुर) (पीएलए), दो प्रीपाक संगठन और एक प्रीपाक (प्रो) संगठन से जुड़े कुल छह उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार तेंगनोपाल जिले के मोरे थाना क्षेत्र अंतर्गत यांगोबुंग के पास सीमा चौकी 72-73 के क्षेत्र में मंगलवार को यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से मोबाइल फोन और सिम कार्ड भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार किए गए उग्रवादियों में इंफाल ईस्ट जिले के ताकेल माखा लाइकाई निवासी चालम्बा ताक्खेलम्बम (23), इंफाल ईस्ट जिले के आइंगांगपोकी निवासी सौग्राकपम ओजित (33), काकचिंग जिले के चाइरन माखा लाइकाई निवासी सोरोकाइबम मणिमातुम (18) और इंफाल ईस्ट जिले के नॉन्गमेइबुंग निवासी याम्बेम लुखोई (21) शामिल हैं। ये सभी पीएलए और प्रीपाक (प्रो) संगठन से जुड़े बताए जा रहे हैं।
दूसरी कार्रवाई में इंफाल पश्चिम जिले के लमसांग थाना क्षेत्र के लमसांग थोंग मैनिक इलाके से प्रीपाक संगठन के सक्रिय सदस्य सोरोखाईबम इनावटों सिंह (39) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद हुआ। तीसरे अभियान में थौबल जिले के थोउबल हाओखा मामांग लाइकाई निवासी सागोल्शेम जॉन सिंह (43) को पकड़ा गया। उसके कब्जे से दो सिम कार्ड और एक दोपहिया वाहन भी जब्त किया गया। सुरक्षा एजेंसियां राज्य में उग्रवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चला रही हैं।



