इंफाल, 14 फरवरी।
हिंसा प्रभावित मणिपुर में पुलिस और सुरक्षा बलों ने संयुक्त अभियान चलाकर तीन उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से हथियार और गोला-बारूद बरामद किया। वहीं, चोरी के वाहन की बरामदी और राज्य में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए भी पुलिस ने अभियान तेज किया है।
मणिपुर पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों ने इंफाल वेस्ट और इंफाल ईस्ट जिलों के अलग-अलग इलाकों से केसीपी (अपुनबा) के दो सक्रिय कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया। थाओडेम जैक्सन सिंह (21) थांगमेइबंद हिजाम लेइकाई, इंफाल वेस्ट का निवासी, और अंगोम विद्यानंद सिंह (20) खुरई थांगजाम लेइकाई, इंफाल ईस्ट जिले का निवासी, को उनके घर और इलाके से गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड जब्त किया गया।
इसी कड़ी में सुरक्षा बलों ने प्रीपाक के सक्रिय कैडर खैदेम टोनी सिंह उर्फ इबुंगो (42) को विष्णुपुर जिला के केइबुल लामजाओ थानांतर्गत मोइरंग खुनौ माखा लेइकाई से गिरफ्तार किया।
सुरक्षा बलों ने टेंग्नौपाल जिले के माची थानांतर्गत खुलसाइबुंग पहाड़ी रेंज से एक सिंगल बैरल गन, दो पिस्तौल प्रत्येक में मैगज़ीन, आठ आईईडी, 41 अलग-अलग कैलिबर के एम्युनिशन राउंड और दो बाओफेंग रेडियो बरामद किए।
टेंग्नौपाल थानांतर्गत सेनम गांव इलाके से पुलिस ने चोरी हुई चार पहियों वाली ईको वैन (एमएन-06एलबी-3319) को बरामद किया, जिसे इंफाल ईस्ट ज़िले के पोरोमपट थाने को सौंपा गया। इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
सुरक्षा बलों ने ज़िलों के बाहरी और संवेदनशील इलाकों में सर्च ऑपरेशन और एरिया डोमिनेशन जारी रखा। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर ज़रूरी सामान ले जा रही 133 गाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही पक्की की गई। सभी संवेदनशील इलाकों में कड़ी सुरक्षा और गाड़ियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए सिक्योरिटी काफ़िला लगाया गया।



