औरैया, 07 मार्च।
उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में अछल्दा थाना क्षेत्र के अंतर्गत दिल्ली–हावड़ा रेल मार्ग पर गुरुवार देर रात एक अज्ञात युवक का शव रेलवे ट्रैक पर मिला। प्रारंभिक आशंका है कि युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है।
घटना की जानकारी मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया गया कि यह घटना नगला खगा गांव के सामने किलोमीटर संख्या 1120/17 के पास की है। एक ट्रेन के लोको पायलट ने रेलवे ट्रैक पर युवक के कटने की सूचना स्टेशन मास्टर को दी थी।
सूचना मिलते ही आरपीएफ के महेंद्र सिंह और देवेंद्र गुर्जर के साथ अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतक की अब तक पहचान नहीं हो पाई है। युवक ने नीली चेकदार शर्ट, सफेद बनियान और गहरे गेरुआ रंग का अंडरवियर पहन रखा था। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है।


