औरैया, 19 फ़रवरी।
उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के अछल्दा थाना क्षेत्र में बुधवार और गुरुवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। रूरा–सैफई मार्ग के पास तुरुकपुर गांव में निचली गंग नहर में एक कार गिर गई, जिसमें दो पुरुष और एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई।
घटना की जानकारी गुरुवार सुबह करीब सात बजे राहगीरों को नहर में कार का टायर दिखाई देने पर मिली। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। अछल्दा थाना प्रभारी पंकज मिश्रा और उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंचे और रेस्क्यू कार्य शुरू कराया। ग्रामीणों की मदद से ट्रैक्टर के जरिए कार को नहर से बाहर निकाला गया।
कार में फंसे तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अछल्दा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित किया। मृतकों की पहचान राजीव कुमार पोरवाल (60), उनके पुत्र शिवम (27) और पत्नी मधु गुप्ता (55) के रूप में हुई है। राजीव कुमार पोरवाल भरथना के मोतीगंज क्षेत्र में दाल का व्यापार करते थे।
बिधूना क्षेत्राधिकारी पुनीत मिश्रा के अनुसार प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजकर मामले की पूरी जांच शुरू कर दी है।



