गिरिडीह, 09 मार्च।
गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र में बिहार एसटीएफ और गिरीडीह पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भाकपा (माओवादी) संगठन के दो नक्सली गिरफ्तार किए गए हैं। गिरफ्तार नक्सलियों की पहचान पंकज यादव (जमुई, बिहार) और पवन सिंह (सतगावा, कोड़रमा) के रूप में हुई है।
पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीपीओ) जीतवाहन उरांव ने बताया कि दोनों के खिलाफ नक्सली गतिविधियों से जुड़े कई मामले दर्ज हैं और वे लंबे समय से फरार चल रहे थे। गिरफ्तारी के बाद बिहार एसटीएफ ने दोनों को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस के अनुसार, दोनों नक्सलियों के खिलाफ बिहार के जमुई जिले के चरकापत्थर थाना में नक्सली घटना से संबंधित मामले दर्ज हैं। वे भाकपा माओवादी संगठन के सक्रिय सदस्य हैं और कई नक्सली गतिविधियों में शामिल रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दोनों के खिलाफ बिहार के जमुई, चकाई, चरकापत्थर और चंद्रदीप थाना क्षेत्रों में मामले दर्ज हैं। झारखंड के गिरिडीह जिले के तिसरी प्रखंड और कोड़रमा जिले के सतगांवा थाना क्षेत्र में भी उनके खिलाफ नक्सली गतिविधियों को लेकर केस हैं।
बता दें कि दोनों आरोपित चरकापत्थर थाना क्षेत्र में दर्ज मामले में जेल से जमानत पर बाहर आए थे। इसके बाद से बिहार पुलिस और एसटीएफ की टीम उनकी तलाश में लगी हुई थी।
पुलिस के मुताबिक, नक्सलियों ने डर के कारण बेंगाबाद थाना क्षेत्र के गोलगो पंचायत अंतर्गत मंझलाटोल गांव में छिपकर रहना शुरू कर दिया था। गुप्त सूचना मिलने पर पटना एसटीएफ की टीम इंस्पेक्टर अयोध्या प्रसाद के नेतृत्व में बेंगाबाद पहुंची। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मंझलाटोल गांव की घेराबंदी कर दोनों नक्सली गिरफ्तार कर लिए गए।



