शिमला, 02 मार्च 2026
शिमला जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। बीते एक सप्ताह में पुलिस ने सात मामले दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 21 से 28 फरवरी 2026 के बीच चलाए गए अभियान में करीब 50 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि युवाओं को नशे की लत से बचाने के लिए जिलेभर में निगरानी और छापेमारी अभियान तेज किया गया है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक सबसे पहले चिड़गांव थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक व्यक्ति से 4.53 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद न्यू शिमला के लोअर खलीनी स्थित एक भवन में जिला पुलिस की विशेष टीम ने छापेमारी कर तीन युवकों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 6.560 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
बालूगंज थाना क्षेत्र में भी पुलिस की कार्रवाई लगातार देखने को मिली। 23 फरवरी को एमसी पार्किंग रोड पर बोलेरो वाहन की जांच के दौरान चालक से 6.70 ग्राम हेरोइन मिली। अगले दिन मोती निवास में छापेमारी कर चार लोगों को पकड़ा गया और वहां से करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद करने का दावा किया गया।
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी को घोड़ा चौकी के पास एक टीन शेड से एक आरोपी को 6.51 ग्राम हेरोइन के साथ पकड़ा गया। वहीं देहा थाना क्षेत्र में गश्त के दौरान एक युवक से 5.52 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। सप्ताह के अंत में आईएसबीटी शिमला में स्पेशल टीम ने गश्त के दौरान पंजाब के पटियाला निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से 11 ग्राम से अधिक हेरोइन मिलने की जानकारी दी गई है।
पुलिस का कहना है कि सभी मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत जांच जारी है और यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशे का यह नेटवर्क जिले तक किस माध्यम से पहुंच रहा था।


