गुवाहाटी, 02 मार्च 2026
गुवाहाटी की वशिष्ठ पुलिस ने एक ट्रक से भारी मात्रा में ड्रग्स बरामद कर बड़ी कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में चार तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर यह अभियान चलाया था, जिसमें ड्रग्स को ट्रक के भीतर बेहद शातिर तरीके से छिपाकर लाया जा रहा था। जब्त ड्रग्स की कीमत लगभग छह करोड़ रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिलने के बाद विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक ट्रक की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में नशीले पदार्थ मिले। पुलिस ने बताया कि ड्रग्स को ट्रक में इस तरह छिपाया गया था कि आसानी से किसी को शक न हो। इसके बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नबीर अली, सैफुल हक, कुतुबुद्दीन शेख और रवि बर्मन के रूप में हुई है। पुलिस इन सभी से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है और तस्करी के नेटवर्क का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं। सीमावर्ती और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि अवैध गतिविधियों को रोका जा सके।



