गुवाहाटी, 27 फरवरी 2026।
नगांव जिले के बागोरी क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से लगभग 8000 याबा टैबलेट जब्त की, जिनकी बाजार कीमत करीब 4 करोड़ रुपये आंकी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया के जरिए इस कार्रवाई की जानकारी साझा की।
वहीं कछार जिले के दिगरखाल इलाके में भी पुलिस ने तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर 918 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की। पुलिस के अनुसार, शराब को वाहन के अंदर बेहद चालाकी से छुपाकर ले जाया जा रहा था। इस मामले में एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर तीनों आरोपियों से सघन पूछताछ शुरू कर दी है।




