पश्चिमी सिंहभूम, 27 फरवरी 2026।
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कराईकेला थाना क्षेत्र से पुलिस ने छह साल से फरार माओवादी समर्थक कारमेल बोदरा (34) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से पकड़ा और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद चाईबासा जेल भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कारमेल बोदरा पर अगस्त 2020 में नक्सली गतिविधियों में शामिल रहने और माओवादी नक्सलियों की मदद करने का आरोप था। इस मामले में उसके खिलाफ कराईकेला थाने में मामला दर्ज किया गया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर कराईकेला थाना प्रभारी प्यारे हसन ने पुलिस बल के साथ इंदुरुआं गांव में दबिश दी और आरोपी को उसके घर से ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अगस्त 2020 में दर्ज मामले में कारमेल बोदरा के साथ अन्य माओवादी नक्सलियों के खिलाफ भी विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज है। पुलिस इस मामले में आगे की जांच और कार्रवाई कर रही है।



