नई दिल्ली, 10 मार्च।
पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी इलाके में खुले सीवर गड्ढे में गिरकर हुई युवक की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य फरार आरोपी और कॉन्ट्रैक्टर हिमांशु गुप्ता को राजस्थान के उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। उसे दिल्ली लाकर पूछताछ की जाएगी।
हादसा 06 फरवरी की रात हुआ था जब जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड का लगभग 20 फीट गहरा सीवर गड्ढा खुला छोड़ दिया गया था। उसी समय बाइक सवार 25 वर्षीय कमल ध्यानी वहां से गुजर रहे थे। अंधेरे और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण उनकी बाइक अचानक गड्ढे में गिर गई। गंभीर चोटों के कारण कमल की बाद में मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैला और पुलिस ने लापरवाही के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच में सामने आया कि सीवर निर्माण और मरम्मत का काम एक निजी कॉन्ट्रैक्टर को दिया गया था। उसने सुरक्षा मानकों की अनदेखी की और गड्ढे को खुला छोड़ दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के बाद से ही हिमांशु गुप्ता फरार था। उसकी तलाश के लिए पश्चिमी जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वायड की टीम तैनात की गई थी।
लगातार तकनीकी निगरानी और छापेमारी के बाद सूचना मिली कि आरोपी राजस्थान के उदयपुर में छिपा हुआ है। पुलिस टीम मंगलवार सुबह उदयपुर पहुंची और उसे दबोच लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली लाया जा रहा है।



