हावड़ा, 05 मार्च।
हावड़ा के पिलखाना क्षेत्र में प्रमोटर शफीक खान की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपित हारुन शेख और रोहित हुसैन को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। गोलाबाड़ी थाना की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों को पकड़ा।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोनों आरोपितों को ट्रांजिट रिमांड पर गुरुवार को दिल्ली से हावड़ा लाया जा रहा है। इससे पहले भी इस मामले में कई अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
गौरतलब है कि पिछले बुधवार सुबह हावड़ा के गोलाबाड़ी क्षेत्र के पिलखाना इलाके में प्रमोटर शफीक खान की बीच सड़क पर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि हारुन और रोहित ने पॉइंट ब्लैंक रेंज से शफीक के सिर और सीने पर चार राउंड फायर किए थे, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।



