नई दिल्ली, 07 मार्च 2026।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने शाहबाद डेयरी थाना क्षेत्र में साले पर जानलेवा हमला करने के मामले में करीब ढाई साल से फरार चल रहे एक भगोड़े अपराधी को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद से आरोपित लगातार फरार था और अदालत की कार्यवाही से बचने की कोशिश कर रहा था।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों ने बताया कि एनआर-1 यूनिट ने 6 मार्च को कार्रवाई करते हुए आरोपित अनवर हुसैन उर्फ अनोवर होसान (27) को दबोच लिया। आरोपित हरियाणा के गुरुग्राम का रहने वाला है और शाहबाद डेयरी थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 814/23 में वांछित था। इस मामले में उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 308, 323, 342, 34 और 174ए के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार 16 सितंबर 2023 को अनवर हुसैन ने अपने साथियों के साथ मिलकर अपने साले अबेदुर रहमान उर्फ अब्दुल रहमान के साथ शाहबाद डेयरी इलाके में बेरहमी से मारपीट की थी। इस हमले में पीड़ित को गंभीर चोटें आई थीं। पीड़ित की शिकायत के आधार पर 17 सितंबर 2023 को शाहबाद डेयरी थाने में मामला दर्ज किया गया था। केस दर्ज होने के बाद आरोपित अपने साथियों के साथ फरार हो गया और लंबे समय तक पुलिस व अदालत की कार्रवाई से बचता रहा।
बाद में अदालत में पेश नहीं होने पर रोहिणी अदालत ने 17 फरवरी 2025 को उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपित को पकड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे थे। इसी दौरान एएसआई प्रेमवीर को उसके संभावित ठिकाने के बारे में जानकारी मिली। इसके बाद इंस्पेक्टर अजय गहलावत की निगरानी में एएसआई प्रेमवीर, हेड कांस्टेबल विकेश, प्रवीण, सोनू और महिला हेड कांस्टेबल कुसुम की टीम ने घेराबंदी कर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपित से पूछताछ की जा रही है और मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। साथ ही इस प्रकरण में शामिल अन्य फरार आरोपितों की तलाश के लिए भी अभियान चलाया जा रहा है।



