नई दिल्ली, 07 मार्च 2026।
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने अंतरराज्यीय ड्रग तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए करीब दो करोड़ रुपये की नशीली दवाएं बरामद की हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच के अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार मुख्य आरोपित की पहचान मोती नगर निवासी सार्थक त्यागी (30) के रूप में हुई है। वहीं उसके सप्लायर के रूप में अशोक विहार निवासी कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी (29) को भी गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक राजधानी में चल रहे एंटी ड्रग अभियान के तहत एएनटीएफ लगातार मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में रात करीब 10 बजे टीम को सूचना मिली कि मोती नगर क्षेत्र में रहने वाला एक व्यक्ति बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थों की तस्करी में संलिप्त है। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम का गठन किया गया।
इसके बाद पुलिस ने मोती नगर स्थित आरोपित के घर पर छापा मारा और पहली मंजिल पर बने कमरे से सार्थक त्यागी को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से विभिन्न प्रकार के मादक और साइकोट्रोपिक पदार्थ बरामद किए गए, जिससे एक संगठित ड्रग तस्करी नेटवर्क का खुलासा हुआ।
पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थों में 1016 ग्राम गांजा, 1112 ग्राम चरस, 17 ग्राम एमडीएमए, 1 ग्राम एक्स्टेसी टैबलेट और 4 ग्राम शरूम्स शामिल हैं।
बताया गया है कि इन सभी नशीले पदार्थों की अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है। सभी मादक पदार्थों को एनडीपीएस एक्ट के तहत कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए जब्त कर लिया गया और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में क्राइम ब्रांच थाने में एफआईआर संख्या 32/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 22 और 25 में मामला दर्ज किया गया है।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने खुलासा किया कि वह अंतरराज्यीय नेटवर्क के माध्यम से अलग-अलग प्रकार के मादक पदार्थ मंगाकर दिल्ली में उनकी सप्लाई करता था। जांच के दौरान पुलिस को उसके एक सप्लायर के बारे में भी जानकारी मिली, जिसकी पहचान कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी के रूप में हुई।
इसके बाद एसआई रोहित के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपित सार्थक त्यागी पेशे से प्रॉपर्टी डीलर है और उसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। वर्ष 2018 में मोती नगर थाने में हत्या के प्रयास (धारा 307) और वर्ष 2015 में गैर इरादतन हत्या के प्रयास (धारा 308) का मामला दर्ज हो चुका है। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि सह-आरोपित कुलप्रीत सिंह उर्फ सनी हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भी कथित रूप से शामिल रहा है। इसकी पुष्टि की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे। मामले में आगे की जांच जारी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।



