नई दिल्ली, 07 मार्च 2026।
द्वारका जिले के उत्तम नगर इलाके में होली के दौरान पानी के गुब्बारे को लेकर दो समुदायों के बीच हुआ विवाद हिंसक झगड़े में बदल गया। इस मारपीट में घायल 26 वर्षीय युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने अब तक छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार इलाके में फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चार मार्च की रात करीब 11 बजकर 09 मिनट पर उत्तम नगर थाने में पड़ोसियों के बीच झगड़े की पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि एक लड़की द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने को लेकर विवाद शुरू हुआ था, जो बाद में दो परिवारों के बीच झगड़े में बदल गया।
घटना के दौरान दोनों पक्षों के लोग सड़क पर एकत्र हो गए और उनके बीच हाथापाई होने लगी। इस झगड़े में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां एक व्यक्ति को छोड़कर बाकी को उसी दिन छुट्टी दे दी गई। शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 110 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर चार वयस्क आरोपितों को गिरफ्तार किया था और एक नाबालिग को हिरासत में लिया था।
हालांकि 5 मार्च की दोपहर अस्पताल में भर्ती घायल तरुण (26) की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 103(1) भी जोड़ दी। पुलिस के अनुसार दोनों परिवार कई वर्षों से एक-दूसरे को जानते हैं और उनके बीच पहले भी पार्किंग और कूड़ा फेंकने जैसे मामूली मुद्दों को लेकर विवाद होता रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक कुल सात लोगों को पकड़ा है, जिनमें छह वयस्कों को गिरफ्तार किया गया है और एक नाबालिग को देर रात हिरासत में लिया गया।
पुलिस का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्व इस घटना को अलग रूप देने की कोशिश कर रहे हैं और कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे लोगों पर भी कड़ी नजर रखी जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों या अपुष्ट खबरों पर भरोसा न करें। फिलहाल इलाके में स्थिति शांत और नियंत्रण में बताई जा रही है।



