पटना, 09 मार्च
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय, सदाकत आश्रम में राजेश राम ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार में हाल के घटनाक्रम से कांग्रेस को कोई आश्चर्य नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार वोट चोरी के जरिए बनी थी और भाजपा पर्दे के पीछे से नीतीश कुमार को हटाने की साजिश रच रही है।
राजेश राम ने आरोप लगाया कि भाजपा ने नीतीश कुमार को डिजिटल अरेस्ट कर दिया है। जो पहले समाजवादी विचारधारा की लड़ाई लड़ते रहे, आज वही भाजपा और आरएसएस के एजेंडे के तहत समझौता कर चुके हैं।
उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी है कि नीतीश कुमार अपने कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों की भावनाओं को नजरअंदाज कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि भाजपा की राजनीति हमेशा सहयोगी दलों को कमजोर करने और खत्म करने की रही है। उन्होंने शिवसेना, अकाली दल, एनसीपी और बीजू जनता दल का उदाहरण देते हुए कहा कि भाजपा ने समय-समय पर सहयोगियों को कमजोर कर सत्ता पर कब्ज़ा जमाया।
राजेश राम ने कहा कि बिहार में भाजपा और जनता दल (यू) का गठबंधन पूरी तरह बेमेल है और जनता के हितों के खिलाफ है। उन्होंने आगे चेतावनी दी कि भाजपा की यही रणनीति अब अन्य राज्यों के सहयोगी दलों पर भी लागू की जा रही है, जिसमें अगला लक्ष्य आंध्र प्रदेश के नेता चंद्रबाबू नायडू हो सकते हैं।
संवाददाता सम्मेलन में मीडिया चेयरमैन राजेश राठौड़, पंकज यादव, वैद्यनाथ शर्मा, कमल कमलेश और नदीम अख्तर अंसारी उपस्थित थे।



