काठमांडू, 06 मार्च।
नेपाल में प्रतिनिधि सभा सदस्य निर्वाचन के लिए हुए मतदान के बाद मतगणना जारी है और शुरुआती रुझान सामने आने लगे हैं।
प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी अन्य दलों की तुलना में काफी आगे चल रही है। कुल 165 सीटों में से अब तक करीब 60 सीटों का रुझान सामने आया है, जिसमें 51 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से काफी बढ़त बनाए हुए हैं।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि अधिकांश जिलों में मतगणना रात से ही शुरू कर दी गई थी। सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुख्य निर्वाचन कार्यालयों में मतों की गिनती की जा रही है। मतगणना केंद्रों के बाहर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है ताकि प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके।
प्राप्त शुरुआती रुझानों के मुताबिक, नेपाली कांग्रेस 5 सीटों पर आगे है, के पी ओली की पार्टी नेकपा एमाले 4 सीटों पर और प्रचण्ड की पार्टी केवल 1 सीट पर आगे चल रही है। इन सीटों पर दूसरे नंबर पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बहुत ही कम मतों से पीछे हैं।
निर्वाचन आयोग ने यह भी बताया कि प्रत्यक्ष प्रणाली के तहत जीतने वाले उम्मीदवारों के परिणाम क्रमशः घोषित किए जाएंगे, जबकि समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के लिए दलों को मिले कुल मतों की गणना अलग से की जा रही है। आयोग ने चेताया कि सभी क्षेत्रों की मतगणना पूरी होने में अभी कुछ समय लग सकता है।



