इंफाल, 20 फ़रवरी।
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने बीते 24 घंटे में राज्य के विभिन्न हिस्सों से चार उग्रवादियों को गिरफ्तार किया और भारी मात्रा में हथियार एवं गोला-बारूद बरामद किया।
मणिपुर पुलिस मुख्यालय के अनुसार गुरुवार को सुरक्षा बलों ने विभिन्न स्थानों से आरपीएफ/पीएलए के दो सक्रिय कैडरों को गिरफ्तार किया। इनमें से एक की पहचान थौनाजोम प्रेमपत्र सिंह उर्फ लुवांग उर्फ प्रेम (31) के रूप में हुई, जिसे इंफाल वेस्ट जिले के सिंगजामेई थानांतर्गत सिंगजामेई चिंगा मुखा से पकड़ा गया। दूसरे की शिनाख्त थारोइजम टोनी सिंह (32) के रूप में हुई, जिसे इंफाल ईस्ट जिले के पोरोम्पत क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से एक 9 मिमी पिस्तौल मैगज़ीन सहित चार राउंड 9 मिमी जिंदा कारतूस, एक स्कूटर, दो मोबाइल फोन, एक बैग और दो पर्स बरामद किए गए।
इसी तरह एक अन्य अभियान में प्रीपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर निंगथौजम कैनेडी (41) उर्फ गुली उर्फ अंगौसना को इंफाल ईस्ट जिला के पोरोम्पत थानांतर्गत खेवा बाजार से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद हुआ। इसके अलावा बिश्नुपुर जिला के नांबोल थानांतर्गत मालोम तुलीहाल माखा लाईकाई क्षेत्र से खॉइसनाम मोरेन्द्रजीत सिंह उर्फ कुमार (42) को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास भी एक मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किया गया।
सुरक्षा बलों ने ककचिंग जिला के केइरक अवांग लूकोन चिंगोल क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान के दौरान एक अमोघ कार्बाइन मैगज़ीन के साथ दो स्थानीय निर्मित लाथोड़ बंदूकें, दो स्थानीय निर्मित सिंगल बैरल्स बंदूक, सात आंसू गैस शेल, तीन ट्यूब लॉन्चिंग उपकरण, दो प्वाइंट 36 एचई ग्रेनेड दो डेटोनेटर के साथ, 50 राउंड गोलियां, 100 खाली केस, दो आईडीएल विस्फोटक दो डेटोनेटर के साथ, दो हेलमेट, एक बीपी जैकेट और दो मैगज़ीन पाउच बरामद किए।
इसके अलावा गुरुवार को मणिपुर के विभिन्न जिलों में पहाड़ों और घाटियों में कुल 105 नाका/चेकपॉइंट लगाए गए और वाहनों की तलाशी ली गई। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुएं ले जाने वाले 287 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित की गई। सभी संवेदनशील स्थानों पर कड़े सुरक्षा उपाय किए गए हैं।



