इंफाल, 26 फ़रवरी 2026।
मणिपुर में उग्रवादी संगठनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरफ्तार किए गए लोगों का उग्रवादी संगठन केसीपी (एमएफएल) समेत अन्य संगठनों से संबंध था। पुलिस मुख्यालय के अनुसार अभियान राज्य के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार मणिपुर पुलिस के ड्राइवर कॉन्स्टेबल कॉन्गखम सनाजोबा सिंह उर्फ इबोमचा (43) को बिष्णुपुर जिले के नरेंद्र थानांतर्गत उट्लौ चानुरा से गिरफ्तार किया गया। आरोप है कि पुलिस विभाग में कार्यरत होने के बावजूद वह केसीपी (एमएफएल) के लिए कैडरों की भर्ती में सक्रिय रूप से शामिल था। इसके अलावा सुरक्षा बलों ने जबरन वसूली में शामिल उग्रवादी संगठन प्रीपाक के सक्रिय सदस्य नाहकपाम शिबानंद सिंह उर्फ अमुथोई (32) को इंफाल वेस्ट जिले के सिंगडमेई थाना क्षेत्र से पकड़ा।
एक अन्य कार्रवाई में नाहकपाम शिबानंद सिंह के सहयोगी क्वाकेइथेल न्गानापिथोंग मपाल निवासी देवीया मोंगजाम (29) को उसके घर से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन, एक आईपैड और एक आधार कार्ड बरामद हुआ। तीसरे अभियान में आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर चिंगखाम रॉकी सिंह उर्फ सनथोई उर्फ इपुंबा (38) को थौबल जिले के सेकमाई थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार जिलों के अंदरूनी और संवेदनशील इलाकों में तलाशी अभियान जारी है। बुधवार को पहाड़ी और घाटी क्षेत्रों में कुल 115 नाका और चेक प्वाइंट लगाए गए थे, हालांकि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया। राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक सामान ले जाने वाले 199 वाहनों की आवाजाही सुनिश्चित कराई गई और संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा काफिले के जरिए वाहनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित की जा रही है।



