इम्फाल, 02 मार्च 2026
मणिपुर में सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस ने अलग-अलग अभियानों में तीन सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी पिछले 24 घंटों के दौरान इम्फाल पूर्व, इम्फाल पश्चिम और थौबल जिलों में की गई। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े बताए जा रहे हैं। पुलिस ने उनके पास से हथियार, मोबाइल फोन और चोरी की गई एक दोपहिया गाड़ी भी बरामद की है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार प्रतिबंधित संगठन पीपल्स रिवॉल्यूशनरी पार्टी कांग्लेईपाक के एक सक्रिय कैडर खुंद्रकपाम अनिलकुमार सिंह उर्फ मंगंगलकपा उम्र 21 वर्ष को गिरफ्तार किया गया। वह सावोंबुंग थोंगखोंग का निवासी बताया गया है। उसे इम्फाल पूर्व जिले के लामलाई थाना क्षेत्र के फाकनुंग आवांग लैकाई से पकड़ा गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।
एक अन्य कार्रवाई में सुरक्षा बलों ने पीपल्स रिवॉल्यूशनरी पार्टी कांग्लेईपाक (प्रो) के सक्रिय कैडर खैदेम नरेंद्र सिंह उर्फ अंगौ उर्फ मैकेइंगकपा उम्र 29 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी इम्फाल पश्चिम जिले के वांगोई खैदेम लैकाई इलाके से की गई। उसके कब्जे से एक 9 एमएम पिस्तौल, एक मैगजीन, चार गोलियां और एक सिम कार्ड सहित मोबाइल फोन बरामद हुआ है।
एक अन्य अभियान में प्रतिबंधित संगठन कांगलेई यावोल लुप के कैडर इबुंगोमाचा लैश्रम उर्फ रॉकी उर्फ इबोमचा उम्र 43 वर्ष को थौबल जिले के यैरिपोक लमखाई क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। वह नगालैंड के पेरेन जिले का निवासी है और वर्तमान में इम्फाल पश्चिम में रह रहा था। उसके पास से भी एक मोबाइल फोन और सिम कार्ड बरामद किया गया है।
इस बीच पुलिस ने मयांग इम्फाल क्षेत्र से एक होंडा एक्टिवा दोपहिया वाहन भी बरामद किया है। यह वाहन 11 फरवरी को इम्फाल पश्चिम जिले के पटसोई थाना क्षेत्र से चोरी हुआ बताया गया था। पुलिस आगे की जांच में जुटी है।



