श्रीनगर, 02 मार्च 2026
सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने कई स्थानों पर सख्ती बरती और प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की गई। श्रीनगर के प्रसिद्ध लाल चौक स्थित घंटाघर क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया गया है। प्रशासन ने एहतियातन शहर के कई संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी है।
अधिकारियों के अनुसार बेमिना, गुंड हसीभाट, जहांगीर चौक और दक्षिण कश्मीर के पुलवामा शहर में भी विरोध प्रदर्शन हुए। बड़ी संख्या में शिया समुदाय के लोग एकत्र होकर अमेरिका और इजरायल विरोधी नारे लगाते हुए सड़कों पर मार्च करते दिखाई दिए। कुछ स्थानों पर स्थिति नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा बलों ने हल्का बल प्रयोग किया। छात्रों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी निजी स्कूलों सहित शैक्षणिक संस्थानों को दो दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और विश्वविद्यालय की परीक्षाएं भी स्थगित कर दी गई हैं।
शहर के लाल चौक, सैदा कदल, बडगाम, बांदीपोरा, अनंतनाग और पुलवामा क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों की भीड़ देखी गई। प्रदर्शनकारियों ने अमेरिका और इजरायल विरोधी नारे लगाते हुए छाती पीटकर विरोध जताया। प्रशासन ने कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर प्रतिबंध लगाए हैं और शहर के प्रवेश मार्गों पर तार और बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
शनिवार तड़के ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हवाई हमलों में खामेनेई की मौत हो गई थी, जिसकी पुष्टि ईरानी सरकारी मीडिया ने की थी। इसके बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इजराइल और कुछ अरब देशों पर मिसाइल हमले शुरू कर दिए हैं। क्षेत्र में तनाव को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



