धार, 07 मार्च 2026।
मध्य प्रदेश के धार जिले के सिरसोदिया गांव में शनिवार को अतिक्रमण हटाने पहुंची प्रशासनिक टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव कर दिया। इस घटना में धामनोद थाना प्रभारी और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गए, वहीं तहसीलदार की सरकारी गाड़ी के कांच भी तोड़ दिए गए।
अचानक हुए पथराव के कारण मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई और कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया है। स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है।
जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह प्रशासनिक टीम सिरसोदिया गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के लिए पहुंची थी। इसी दौरान कुछ ग्रामीणों ने कार्रवाई का विरोध करना शुरू कर दिया और देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया।

विरोध कर रहे लोगों ने प्रशासनिक दल पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। इस पथराव में धामनोद थाना प्रभारी प्रवीण ठाकरे और एक महिला पुलिसकर्मी घायल हो गईं। घायल थाना प्रभारी को टोल एंबुलेंस के माध्यम से उपचार के लिए धामनोद भेजा गया, जबकि महिला कांस्टेबल का इलाज धामनोद अस्पताल में चल रहा है।
पथराव के दौरान तहसीलदार की सरकारी गाड़ी को भी नुकसान पहुंचाया गया और उसके कांच तोड़ दिए गए। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के थाना क्षेत्रों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। प्रशासन के अनुसार फिलहाल स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पथराव में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।



