इंफाल, 27 फरवरी 2026।
मणिपुर के अलग-अलग इलाकों में पिछले 24 घंटों के दौरान सुरक्षा बलों ने धरपकड़ अभियान चलाकर विभिन्न उग्रवादी संगठनों के छह कैडरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी बयान के अनुसार, गुरुवार को कई अलग-अलग अभियानों में यह कार्रवाई की गई और आरोपियों के पास से हथियार, दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
पहले अभियान में पीआरईपीएके (पीआरओ) के सक्रिय कैडर थोकचोम राज सिंह उर्फ इबुंगो (25) को इंफाल पश्चिम जिले के घारी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और एक आधार कार्ड बरामद किया गया।
दूसरे अभियान में केसीपी (पीएससी) के सक्रिय कैडर पृथ्वीराज मोइरंगथेम उर्फ 3बी (26) को इंफाल पूर्व जिले के इरिलबुंग थाना क्षेत्र स्थित उसके घर से पकड़ा गया।
तीसरे अभियान में आरपीएफ/पीएलए के दो कैडरों थिंगोम महेनजीत सिंह उर्फ अनाओ (22) और न्गांगबाम डेरिक सिंह (20) को इंफाल पूर्व जिले के याइंगंगपोकपी क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उनके पास से एक नंबर 36 हैंड ग्रेनेड, एक डेटोनेटर, विभिन्न कैलिबर के 10 जिंदा कारतूस और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए।
चौथे अभियान में आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर और जबरन वसूली करने वाले मोइरंगथेम जेनसन सिंह उर्फ अहेनबा उर्फ नाओबी (26) को इंफाल पूर्व जिले के हेइंगंग थाना क्षेत्र से पकड़ा गया। उसके पास से आरपीएफ/पीएलए फाउंडेशन डे के तीन बैनर और दो मोबाइल फोन मिले।
पांचवें अभियान में आरपीएफ/पीएलए के सक्रिय कैडर लोंगजाम याइफाबा एंगोम उर्फ नानाओ (30) को इंफाल वेस्ट जिले के वाहेंग खुमान क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। पुलिस गिरफ्तार उग्रवादियों से लगातार पूछताछ कर आगे की कार्रवाई कर रही है।



