रायपुर, 26 फ़रवरी 2026।
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। पुलिस अधीक्षक ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि मुठभेड़ स्थल से दोनों नक्सलियों के शव और हथियार बरामद किए गए हैं। घटना के बाद क्षेत्र में सर्च अभियान तेज कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के जांगला थाना क्षेत्र के अंतर्गत इंद्रावती नदी के जंगलों में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर संयुक्त सुरक्षा बलों की टीम सर्चिंग अभियान के लिए रवाना हुई थी। गुरुवार सुबह सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई। बाद में इलाके में चलाए गए सर्च अभियान में दो वर्दीधारी माओवादियों के शव बरामद किए गए। घटनास्थल से एक एसएलआर रायफल, एक इंसास रायफल, एक 12 बोर रायफल तथा विस्फोटक सामग्री और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी जब्त की गई हैं।
बस्तर के आईजी ने बताया कि क्षेत्र में अभी भी सघन सर्च अभियान जारी है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के दौरान घने जंगलों का फायदा उठाकर कई माओवादी भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश की जा रही है। सुरक्षा बल इलाके में लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।


