अपराध
09 Mar, 2026

शिमला में पावर स्टेशन से तांबे की तार चोरी, तीन गिरफ्तार

शिमला में मंत्री आवास के पास पावर स्टेशन से तांबे की तार चोरी के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

शिमला, 9 मार्च 2026।

राजधानी शिमला में मंत्री आवास और लोक भवन के पास स्थित बिजली विभाग के पावर स्टेशन से तांबे की तार चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपी बिहार के मूल निवासी हैं और शिमला में रह रहे थे। आरोपियों ने पहले इलाके की रेकी की और फिर आधी रात को तार काटकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, एक मार्च को बिजली विभाग ने छोटा शिमला थाना में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि लोक भवन और मंत्री आवास के पास उनके पावर स्टेशन से तांबे की तारें चोरी हो गई हैं। इस सूचना के बाद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305 अंतर्गत केस दर्ज किया और जांच के लिए विशेष टीम का गठन किया।

जांच के दौरान पुलिस ने शहर के अलग-अलग इलाकों में कबाड़ की दुकानों और कबाड़ का काम करने वाले लोगों से पूछताछ की। इसी दौरान पुलिस को एक संदिग्ध व्यक्ति के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने रंजीत उर्फ डैनी से पूछताछ की, जो मूल रूप से बिहार के दरभंगा जिले का रहने वाला है और शिमला के खलीनी इलाके में रह रहा था।

शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा और गलत जानकारी देता रहा। इसके बावजूद पुलिस ने जांच जारी रखी और धीरे-धीरे उसके खिलाफ सबूत जुटाए। आरोपी की गाड़ी की तलाशी लेने पर चोरी की गई तांबे की तारें बरामद हुईं। पुख्ता सबूत मिलने के बाद पुलिस ने 6 मार्च को उसे गिरफ्तार किया और गहन पूछताछ की।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी में उसके साथ दो अन्य लोग भी शामिल थे। उनकी पहचान सोनू सहानी (29 वर्ष) पुत्र नरेश साहनी निवासी गांव मुस्तफापुर, तहसील हनुमान नगर, जिला दरभंगा (बिहार) और अजय सहानी उर्फ लनटुन (25 वर्ष) पुत्र उदगार साहनी निवासी गांव मुस्तफापुर, तहसील हनुमान नगर, जिला दरभंगा (बिहार) के रूप में हुई।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश शुरू की। दोनों फरार हो गए और कुछ समय तक छिपे रहे। लगातार दबिश के बाद पुलिस ने उन्हें 8 मार्च को सोलन जिला के कैथलीघाट के पास दिल्ली की ओर जाते समय गिरफ्तार किया।

अभियोक्ताओं ने पुलिस पूछताछ में बताया कि वारदात से पहले उन्होंने कई बार इलाके की रेकी की थी। 28 फरवरी की मध्यरात्रि को वे पावर स्टेशन पहुंचे और वहां से बिजली की तांबे की तार काटकर चोरी कर ली। तारों को जंगल के रास्ते मुख्य सड़क तक लाया गया, जहां रंजीत उर्फ डैनी ने उसे अपनी गाड़ी में रखकर ले गया।

फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपियों ने इससे पहले भी ऐसी वारदात की है या नहीं।

|
आज का राशिफल

पूर्व नियोजित कार्यक्रम सरलता से संपन्न हो जाएंगे। जोखिम से दूर रहना ही बुद्घिमानी होगी। शुभ कार्यों की प्रवृत्ति बनेगी और शुभ समाचार भी मिलेंगे। किसी से कहा सुनी न हो यही ध्यान रहे। अपना कार्य दूसरों के सहयोग से बना लेंगे। लाभकारी गतिविधियों में सक्रियता रहेगी। शुभांक-1-4-6

आज का मौसम

भोपाल

16° / 26°

Rainy

ट्रेंडिंग न्यूज़

तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में तैनात किए छह एफ-16 विमान

अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच संघर्ष के बीच तुर्किये ने उत्तरी साइप्रस में छह एफ-16 लड़ाकू विमान और वायु रक्षा प्रणाली तैनात कर इलाके की सुरक्षा मज़बूत की है।

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता ज्वाला ने जन्म दिए पांच शावक

कूनो राष्ट्रीय उद्यान में नामीबियाई मादा चीता ज्वाला ने पांच शावकों को जन्म देकर भारत में चीतों की संख्या 53 कर दी।

पश्चिम एशिया संकट से रुपये का दबाव, 92.35 पर पहुंची मुद्रा

पश्चिम एशिया में तनाव और कच्चे तेल की तेजी के कारण रुपये डॉलर के मुकाबले अपने अब तक के सबसे निचले स्तर 92.35 पर पहुंच गया।

कर्तव्य पथ पर ‘शी लीड्स भारत’ शक्ति वॉक, 3000 महिलाएं लेंगी भाग

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व क्षमता को प्रदर्शित करने के लिए कर्तव्य पथ पर शक्ति वॉक का आयोजन होगा।

19 मार्च को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करेंगी रामलला के दर्शन, राम मंदिर निर्माण का अधिकांश कार्य पूरा

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 19 मार्च को राम मंदिर में दर्शन करेंगी और मंदिर परिसर में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विशेष योजना बनाई गई है।