मुंबई, 27 फरवरी 2026।
बॉलीवुड अभिनेत्री तापसी पन्नू ने दर्शकों से अपनी हालिया रिलीज फिल्म ‘अस्सी’ देखने की अपील की है। अनुभव सिन्हा के निर्देशन में बनी यह फिल्म 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी और अब तक 6.89 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। फिल्म को मिल रहे अच्छे रिस्पॉन्स के बाद तापसी ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर दर्शकों का आभार जताया।
तापसी ने कहा कि फिल्म देखने के बाद कई दर्शकों ने इस विषय को व्यक्तिगत रूप से महसूस किया और इस पर गंभीर लेख व समीक्षाएं भी लिखीं। उन्होंने कहा कि उन्होंने दर्शकों के रिव्यू पढ़े हैं और यदि इतने लोग फिल्म पर चर्चा कर रहे हैं तो निश्चित ही इसमें कुछ खास बात होगी। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि अगर फिल्म पसंद आए या किसी तरह का प्रभाव छोड़े तो अपने विचार जरूर साझा करें।
अभिनेत्री ने यह भी स्वीकार किया कि फिल्म कुछ दर्शकों को असहज महसूस करा सकती है, लेकिन यह लंबे समय तक याद रहने वाली फिल्म है। ‘अस्सी’ एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें तापसी एक वकील की भूमिका निभा रही हैं जो महिला अपराधों के खिलाफ लड़ाई लड़ती है। फिल्म की कहानी समाज के संवेदनशील मुद्दों को उठाते हुए कई चौंकाने वाले पहलुओं को सामने लाती है।



