नई दिल्ली, 21 फरवरी 2026
इस शुक्रवार बॉलीवुड बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई नई फिल्मों से जो उम्मीदें थीं, वे पहले दिन पूरी होती नजर नहीं आईं। तापसी पन्नू की फिल्म ‘अस्सी’ और मृणाल ठाकुर व सिद्धांत चतुर्वेदी की फिल्म ‘दो दीवाने शहर में’ दोनों ही दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष करती रहीं। हालांकि कमाई के मामले में ‘दो दीवाने शहर में’ ने थोड़ी बढ़त हासिल की।
सैकनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक ‘अस्सी’ ने पहले दिन करीब एक करोड़ रुपये का कारोबार किया। समीक्षकों से सराहना मिलने के बावजूद फिल्म दर्शकों को आकर्षित करने में सफल नहीं हो पाई। ‘मुल्क’ और ‘थप्पड़’ जैसी फिल्मों के बाद अनुभव सिन्हा और तापसी पन्नू की जोड़ी से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद थी, लेकिन शुरुआत उम्मीद से कमजोर रही।
ट्रेड विश्लेषकों का मानना है कि विषय आधारित फिल्मों के लिए दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया बहुत महत्वपूर्ण होती है। ‘अस्सी’ के लिए अब वीकेंड का प्रदर्शन निर्णायक माना जा रहा है। अगर शनिवार और रविवार को कमाई में तेजी नहीं आई तो फिल्म की आगे की राह मुश्किल हो सकती है।
वहीं, ‘दो दीवाने शहर में’ ने पहले दिन 1.25 करोड़ रुपये की कमाई की। यह आंकड़ा भले ही ज्यादा न हो, लेकिन ‘अस्सी’ से 25 लाख रुपये अधिक है। रवि उदयावर के निर्देशन में बनी यह फिल्म शहरी युवाओं की भावनाओं और रिश्तों की कहानी पेश करती है, जिसे मल्टीप्लेक्स दर्शकों का सीमित समर्थन मिल रहा है।
इस बीच शाहिद कपूर की फिल्म ‘ओ रोमियो’ दूसरे हफ्ते में भी मजबूत बनी हुई है। फिल्म ने अपने दूसरे शुक्रवार को करीब 2.25 करोड़ रुपये की कमाई की। खास बात यह है कि ‘अस्सी’ और ‘दो दीवाने शहर में’ की संयुक्त कमाई भी ‘ओ रोमियो’ के बराबर रही, जिससे साफ है कि पुरानी रिलीज अभी भी नई फिल्मों पर भारी पड़ रही हैं।



