मुंबई।
आमिर खान अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘3 इडियट्स’ के सीक्वल को लेकर लंबे समय से चर्चा जारी थी। कई रिपोर्ट्स में कहा जा रहा था कि निर्देशक राजकुमार हिरानी इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर चुके हैं, लेकिन कलाकारों की ओर से आधिकारिक पुष्टि न होने से स्थिति स्पष्ट नहीं थी। अब राजकुमार हिरानी ने स्वयं इन अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि दोनों लोकप्रिय फिल्मों के सीक्वल उनके विचाराधीन हैं, हालांकि फिलहाल वे शुरुआती चरण में ही हैं।
एक साक्षात्कार में हिरानी ने बताया कि वह इन दिनों ‘मुन्ना भाई’ और ‘3 इडियट्स’ दोनों फ्रेंचाइजी के आइडिया पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ‘मुन्ना भाई 3’ के लिए उनके पास एक सशक्त विचार है, जिसे बड़े स्तर पर तैयार किया गया है, लेकिन कहानी का संतोषजनक अंत अभी तय नहीं हो पाया है। इसी कारण स्क्रिप्ट पर मंथन जारी है।
‘3 इडियट्स’ के सीक्वल के संबंध में हिरानी ने बताया कि हाल ही में उन्हें एक नया विचार सूझा, जिसके बाद इस पर चर्चा शुरू हुई। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिल्म अभी निर्माणाधीन नहीं है, बल्कि केवल आइडिया स्टेज पर है। उनके पास इस समय तीन से चार अलग-अलग स्क्रिप्ट और कॉन्सेप्ट मौजूद हैं, जिनमें से अगले प्रोजेक्ट का चयन किया जाएगा।
गौरतलब है कि राजकुमार हिरानी की पिछली फिल्म ‘डंकी’ (2023) थी, जिसमें शाहरुख खान मुख्य भूमिका में नजर आए थे। अब दर्शकों को इंतजार है कि वह अगली फिल्म के रूप में किस परियोजना की घोषणा करते हैं।



