23 फरवरी 2026।
बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान और मशहूर गायक अरिजीत सिंह की हालिया मुलाकात के बाद अब उनकी जुगलबंदी का नतीजा नए गाने के रूप में सामने आया है। आमिर खान प्रोडक्शन के बैनर तले बनी फिल्म 'एक दिन' का टाइटल ट्रैक रिलीज कर दिया गया है, जिसे दर्शकों की ओर से शानदार रिस्पॉन्स मिल रहा है।
गाने में अरिजीत सिंह की भावपूर्ण आवाज एक बार फिर श्रोताओं को भावुक कर रही है। इस गीत की खास बात यह है कि इसमें आमिर खान और अरिजीत सिंह की मुलाकात के खूबसूरत पलों को भी दिखाया गया है, जिससे यह गाना और खास बन गया है। फिल्म में जुनैद खान और साई पल्लवी मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। यह फिल्म 1 मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
गाने का संगीत राम संपत ने तैयार किया है, जबकि इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। निर्माताओं ने गाना जारी करते हुए लिखा कि एक दिन आमिर आपके साथ बैठकर गाना गा रहे हैं और आमिर खान तथा अरिजीत सिंह का संयोजन प्योर मैजिक है। इस सहयोग ने दर्शकों के बीच फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है। अरिजीत सिंह के संभावित संन्यास की खबरों के बीच यह गाना फैंस के लिए खास तोहफा माना जा रहा है और अब सभी की नजरें फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं।



