मुंबई, 02 मार्च 2026
फिल्म ‘द केरल स्टोरी-2: गोज बियॉन्ड’ ने सिनेमाघरों में अपनी पकड़ मजबूत बना ली है और बॉक्स ऑफिस पर इसका प्रदर्शन लगातार बेहतर होता दिख रहा है। विपुल अमृतलाल शाह के निर्माण में बनी इस फिल्म को शुरुआती विवादों और कानूनी चुनौतियों के बाद सुप्रीम कोर्ट से राहत मिलने का फायदा मिला, जिसके बाद दर्शकों की संख्या में तेजी से वृद्धि देखी जा रही है। वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बॉक्स ऑफिस आंकड़ों के अनुसार 27 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने पहले दिन लगभग 75 लाख रुपये की ओपनिंग की थी। दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म की कमाई में अचानक तेज उछाल आया और इसने 4.65 करोड़ रुपये का कारोबार किया। तीसरे दिन रविवार को फिल्म ने 5 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए कुल संग्रह 10.40 करोड़ रुपये तक पहुंचा दिया। तीन दिनों में मिला यह प्रदर्शन निर्माताओं के लिए राहत की खबर माना जा रहा है।
हालांकि, इस फिल्म का यह कारोबार इसकी पहली किस्त ‘द केरल स्टोरी’ की तुलना में काफी कम माना जा रहा है। वर्ष 2023 में रिलीज हुई पहली फिल्म ने शुरुआती तीन दिनों में 35.43 करोड़ रुपये का शानदार कारोबार किया था, जबकि दूसरी किस्त इस आंकड़े से काफी पीछे चल रही है। फिल्म के आगे के कलेक्शन पर अब दर्शकों और व्यापार विश्लेषकों की नजरें टिकी हुई हैं।
निर्देशक कामाख्या नारायण सिंह की इस फिल्म में उल्का गुप्ता, अदिति भाटिया और ऐश्वर्या ओझा मुख्य भूमिकाओं में दिखाई दे रही हैं। फिल्म की कहानी और अभिनय को लेकर दर्शकों की मिली-जुली प्रतिक्रिया सामने आ रही है, लेकिन वीकेंड पर बढ़ा कलेक्शन इसे सकारात्मक संकेत माना जा रहा है।



